डोमरी में कथा सुनने जाएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ, 20 नवंबर से शुरू होगी शिव महापुराण कथा

Uttar Pradesh

(वाराणसी UP)12नवम्बर,2024.

पार्टी सूत्रों के मुताबिक डोमरी में होने वाली शिव महापुराण कथा को सुनने के लिए मुख्यमंत्री आ सकते हैं। हालांकि यह अभी नहीं तय है कि 20 से 26 नवंबर के बीच मुख्यमंत्री कब आएंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अमला कथास्थल पर उच्च स्तरीय तैयारियों में जुट गया है। वहीं, दूसरी ओर देव दीपावली पर उनके आने की तैयारियां प्रशासन ने अभी से कर ली है। देव दीपावली से संबंधित कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए यूपी सरकार के कई मंत्री भी आ सकते हैं।

गंगा महोत्सव और देव दीपावली के मद्देनजर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने लगातार तीसरे दिन सोमवार को भी शहर भ्रमण किया। डीएम एस राजलिंगम के साथ उन्होंने डोमरी स्थित शिव महापुराण कथास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आयुक्त ने बताया कि कथा का आयोजन 20 से 26 नवंबर तक होगा। इसके मद्देनजर कथास्थल पर अस्थायी पुलिस चौकी बनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि महिला और पुरुष पुलिस कर्मी कथास्थल पर सादे कपड़ों में भी तैनात किए जाएंगे। उन्होंने गंगा तट पर डोमरी स्थित सतुआ बाबा आश्रम में होने वाली कथा में शामिल होने वाले लोगों के आवागमन, सुरक्षा और पार्किंग की व्यवस्था की ठोस कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया। कार्यक्रम स्थल पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने और गंगा में एनडीआरएफ, जल पुलिस और पीएसी बाढ़ राहत दल के जवानों को तैनात करने को कहा। पुलिस आयुक्त ने कहा कि आयोजक संपूर्ण कथास्थल पर सीसी कैमरे लगवाएं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में एलईडी स्क्रीन लगवाई जाए। पंडाल में श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकासी की समुचित व्यवस्था रहे। इस दौरान एडिशनल सीपी डॉ. एस. चन्नप्पा, डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल सहित पुलिस-प्रशासन और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *