भारत-मॉरीशस दोनों देशों के व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करेगा आईआईए

Uttar Pradesh

(वाराणसी,UP)12सितम्बर,2025.

पूर्वांचल के उद्योगों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को छावनी स्थित एक होटल में आईआईए और मॉरीशस के उद्यमियों की बैठक हुई। आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आर. के. चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूर्वांचल से मॉरीशस में निर्यात को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई। बैठक में बताया गया कि मॉरीशस की समुद्री सेवाएं, पर्यटन उद्योग, उच्च गुणवत्ता वाला वेनिला और प्राकृतिक उत्पाद भारत के लिए उपयोगी हैं। वहीं भारत के कृषि उत्पाद, वस्त्र, दवाइयां, तकनीकी उपकरण और किफायती इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों की मॉरीशस में काफी डिमांड है।

इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के राष्ट्रीय महासचिव दीपक कुमार बजाज ने मॉरीशस से आए प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और मॉरीशस का रिश्ता केवल व्यापार तक सीमित नहीं है बल्कि यह एक भावनात्मक बंधन है। भारत मॉरीशस का प्रमुख व्यापारिक साझेदार है और मॉरीशस, सिंगापुर के बाद भारत में दूसरा सबसे बड़ा प्रत्यक्ष विदेशी निवेश स्रोत है। मॉरीशस की लगभग 70 प्रतिशत आबादी भारतीय मूल की है। यदि दोनों देश द्विपक्षीय सहयोग को और बढ़ाएं तो उद्योग और अर्थव्यवस्था दोनों की बढ़ोतरी होगी।

आईआईए के राष्ट्रीय सचिव अनुपम देवा ने कहा कि संगठन उद्यमियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनियों का आयोजन कर रहा है। अभी से मार्च तक चार बड़े एक्सपो आयोजित किए जाएंगे। इनमें 18-19 दिसंबर को वाराणसी के होटल ताज में इंटरनेशनल टूरिज्म एवं हॉस्पिटैलिटी एक्सपो, 3–5 जनवरी को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में इंडियन फूड एक्सपो, फरवरी में कानपुर में डिफेंस एवं टेक्निकल एक्सपो और मार्च में मेरठ में ग्रीन एनर्जी एवं सोलर एनर्जी एक्सपो शामिल हैं।

अनुपम देवा ने कहा कि इन एक्सपोज में बड़ी संख्या में देश-विदेश के एग्जीबिटर और विज़िटर भाग लेंगे, साथ ही विभिन्न देशों के राजदूत भी उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर दीपक बजाज ने मॉरीशस के प्रतिनिधि संजय भुंजुन से आग्रह किया कि दोनों देश आपसी सहयोग से ऐसे एक्सपोज आयोजित करें, जिनमें प्रतिनिधिमंडल एक दूसरे के देशों में जाकर प्रोडक्ट्स, क्वालिटी और प्राइस को प्रत्यक्ष रूप से देखें।

बैठक के समापन पर बजाज ने मॉरीशस प्रतिनिधिमंडल से आईआईए द्वारा आयोजित होने वाले इन एक्सपोज में भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे दोनों देशों के बीच न केवल व्यापारिक बल्कि सांस्कृतिक रिश्तों को भी नई ऊंचाई मिलेगी और दोनों अर्थव्यवस्थाओं को लाभ होगा। इस अवसर पर आईआईए प्रतिनिधिमंडल से राष्ट्रीय सचिव अनुपम देवा, इंफ्रा क्षेत्र से अभिषेक अग्रवाल और फार्मास्युटिकल क्षेत्र से देवेश मेहरोत्रा शामिल रहे। बैठक में भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव, इन्वेस्ट यूपी के एसीईओ और विभिन्न उद्योग संगठनों के पदाधिकारी व उद्यमी भी मौजूद रहे।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *