धूप की तेजी ने बनाए रिकॉर्ड

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)12फरवरी,2026.

उत्तर प्रदेश में तापमान में हल्की मगर लगातार बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। दिन चढ़ने के साथ तेज धूप अब सर्दी की विदाई का संकेत देने लगी है। दोपहर में तपिश साफ महसूस हो रही है, हालांकि सुबह और देर शाम हल्की ठंड अभी कायम है।

बृहस्पतिवार को लगातार तीसरे दिन बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रयागराज में 30.4 डिग्री और वाराणसी में 29.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। आगरा और झांसी में भी दोपहर के समय तेज धूप ने लोगों को गर्मी का अहसास कराया। बदलते मौसम ने ठंड के असर को धीरे-धीरे कम करना शुरू कर दिया है।

मौसम विभाग के मुताबिक 17 फरवरी के आसपास पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक हल्का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके प्रभाव से कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।

बढ़ेगा रात का भी पारा:
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस तक की क्रमिक वृद्धि की संभावना है। इससे दिन की गर्मी और बढ़ेगी, जबकि रात के तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल प्रदेश पर किसी बड़े मौसमी तंत्र या सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव नहीं है, जिसके कारण मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है। उन्होंने कहा कि अगले तीन से चार दिनों तक यही स्थिति बनी रहेगी।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *