सेशेल्स की राजकीय यात्रा पर पीएम मोदी

National

(नई दिल्ली)27जून,2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 से 29 जून तक सेशेल्स की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। वह सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉक्टर पैट्रिक हर्मिनी के विशेष आमंत्रण पर राष्ट्रीय दिवस स्वर्ण जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत और सेशेल्स के बीच मजबूत रक्षा व कूटनीतिक संबंधों के तहत इस समारोह में भारतीय रक्षा बलों की एक टुकड़ी और नौसेना के दो युद्धपोत भी हिस्सा लेंगे। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के बीच एक उच्च स्तरीय बैठक होगी। इसमें द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी।

11 साल बाद सेशेल्स की दूसरी यात्रा:
इसके साथ ही आपसी हित के क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर बातचीत भी होगी। पीएम मोदी सेशेल्स की संसद को संबोधित करेंगे और वहां रह रहे भारतीय समुदाय से मुलाकात और संवाद करेंगे। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले साल 2015 में सेशेल्स की यात्रा की थी। मौजूदा यात्रा पूरे 11 साल बाद दोबारा होने जा रही है।

भारत के लिए क्यों खास है पीएम मोदी की यह यात्रा?
भारत और सेशेल्स के बीच संबंध सदियों पुराने जुड़ाव पर आधारित हैं। भारत के महासागर विजन के तहत सेशेल्स एक बेहद अहम समुद्री पड़ोसी है। हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और समुद्री डकैती रोकने और सुरक्षित व्यापारिक मार्ग सुनिश्चित करने में सेशेल्स की भौगोलिक स्थिति भारत के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है।

भारत लगातार वैश्विक मंचों पर विकासशील और द्वीपीय देशों की आवाज बुलंद करता रहा है। सेशेल्स की यह यात्रा इस प्रतिबद्धता को मजबूत करती है। भारत ने हमेशा ही सेशेल्स के बुनियादी ढांचे और रक्षा तंत्र को मजबूत करने में मदद की है। प्रधानमंत्री की मौजूदा यात्रा में नौसेना के जहाजों और सैन्य टुकड़ी की भागीदारी इसी गहरे विश्वास को दर्शाती है।(साभार समाचार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *