(देहरादून )07नवंबर,2026
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में भारत स्काउट एवं गाइड के स्थापना दिवस पर संस्था के उत्तराखण्ड प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को स्कार्फ पहनाकर सम्मानित किया और स्थापना दिवस का फ्लैग स्टीकर लगाया।
मुख्यमंत्री ने भारत स्काउट एवं गाइड के स्थापना दिवस के अवसर पर संस्था से जुड़े समस्त पदाधिकारियों, स्काउट्स एवं गाइड्स को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं में अनुशासन, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में भारत स्काउट एवं गाइड की महत्वपूर्ण भूमिका है। आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के क्षेत्रों में संस्था द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
इस दौरान प्रादेशिक सचिव श्री रविन्द्र मोहन काला ने मुख्यमंत्री को संस्था की गतिविधियों के बारे में अवगत कराया। उन्होंने जानकारी दी कि भारत स्काउट एवं गाइड का गठन 7 नवम्बर 1950 को किया गया था। उन्होंने उत्तराखण्ड में संचालित हैम रेडियो पायलट प्रोजेक्ट तथा युवा आपदा मित्र कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयंसेवकों को दिए जा रहे आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण के संबंध में भी मुख्यमंत्री को जानकारी दी।
इस अवसर पर अपर प्रादेशिक मुख्य आयुक्त श्रीमती वंदना गर्ब्याल, प्रादेशिक सचिव श्री रविन्द्र मोहन काला, प्रादेशिक वित्त समिति के सदस्य श्री जे.पी. काला, प्रादेशिक संगठन आयुक्त श्रीमती अंजलि चन्दोला, प्रशासनिक अधिकारी श्री अरुण राय, सहायक प्रादेशिक प्रशिक्षण आयुक्त श्री राहुल प्रसाद रतूड़ी और गाइड कु. योजना एवं कु. इशा ठाकुर उपस्थित रहे।(साभार सू वि)
