(श्रावस्ती UP)19अगस्त, 2024.
श्रावस्ती जनपद में नेपाल सहित जिले में शनिवार देर रात शुरू हुई बारिश रुक रुककर रविवार दोपहर तक जारी रही। ऐसे में नेपाल के कुसुम बैराज से आने वाले पानी के कारण राप्ती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा, जो खतरे के निशान को पार कर 70 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गई। इससे कछार के गांवों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। नदी की उग्र लहरें तेजी से कटान कर रही हैं।
जिले में शनिवार रात से लेकर रविवार दोपहर तक 65 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके साथ ही नेपाल में तेज वर्षा के कारण शनिवार रात दस बजे से राप्ती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा। जमुनहा के राप्ती बैराज पर जलस्तर 127.30 सेंटीमीटर मापा गया, जो खतरे के निशान 127.70 से 40 सेंटीमीटर कम था। रविवार सुबह 11 बजे जलस्तर 128.30 मापा गया्र, जो खतरे के निशान से 60 सेंटीमीटर अधिक था। दोपहर एक बजे तक नदी का जलस्तर स्थिर हो गया। इसके बाद शाम को फिर जलस्तर तेजी से बढ़ा(साभारअ.उ.एजेंसी)