(वाराणसी UP)05अप्रैल,2025.
नवरात्र की अष्टमी तिथि पर कुमारी पूजन में श्रद्धा के साथ सामाजिक सरोकार का संदेश देकर नमामि गंगे ने दुर्गा स्वरूपा नौ कन्याओं को कपड़े के झोले उपहार में दिए। कन्याओं ने हाथों में स्वच्छता स्लोगन लिखी तख्तियां,कपड़े के झोले लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कन्याओं ने सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने का आग्रह किया। प्रकृति प्रेम की शिक्षा दे रहीं कन्याओं का नमामि गंगे ने पूजन किया। कन्याओं के साथ ही भैरव के प्रतीक स्वरूप बटुकों का भी समादर हुआ। गढ़वासी टोला स्थित आवास पर नमामि गंगे की ओर से कन्याओं को हलवा, पूड़ी, सब्जी, चने की घुघरी और मिष्ठान का भोग लगाया गया।
कन्याओं को अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया गया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि नवरात्र पर माता दुर्गा पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का भी संदेश देती हैं । दुर्गा स्वरूपा नौ कन्याओं का पूजन कर गंगा प्रदूषण व प्लास्टिक से मुक्ति, विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के लिए कामना की गई है।
माता की तरह हितकारिणी नदियों के लिए जहरीले सिंगल यूज पॉलिथीन का उपयोग न करके हम पर्यावरण के सहयोगी बन सकते हैं(साभार एजेंसी)