हरियाणा में एक क्लिक से 4470 करोड़ की सौगात,लाखों परिवारों को मिला सीधा लाभ

Hariyana

(चंडीगढ़,हरियाणा) 07 नवंबर 2026

हरियाणा सरकार ने प्रदेश के लाखों लाभार्थियों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में प्रेस वार्ता के दौरान एक क्लिक से 4,470 करोड़ 77 लाख रुपये की राशि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत सीधे लाभार्थियों, पंचायती राज संस्थाओं और नगरपालिकाओं के खातों में ट्रांसफर की।

इस हस्तांतरण में कई प्रमुख योजनाएं शामिल रहीं। दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 13वीं किस्त जारी की गई। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत 35.26 लाख बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों को 1,135.21 करोड़ रुपये की पेंशन राशि भेजी गई, जिससे उन्हें मासिक खर्च में सहारा मिला।

हर घर-हर गृहिणी योजना के अंतर्गत 6.05 लाख महिलाओं को रसोई गैस पर 24.25 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी गई। वहीं दयालु योजना के तहत 5,429 जरूरतमंद परिवारों को 202.99 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति तक लाभ पहुंचाना है। डीबीटी प्रणाली से बिचौलियों की भूमिका खत्म हुई है और पैसा सीधे खाते में पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायतों और नगरपालिकाओं को भी विकास कार्यों के लिए राशि दी गई है, जिससे ग्रामीण और शहरी विकास को गति मिलेगी।(साभार DPR/सोशल मीडिया)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *